जालौन , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में मंगलवार को झांसी-कानपुर रेलखंड पर उरई स्टेशन से गुजरने वाली आठ ट्रेनों में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 79 यात्रियों से 76,550 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

सीटीआई ज्ञान सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में 20104 संत कबीर नगर एक्सप्रेस, 12174 उद्योग नगरी एक्सप्रेस, 12144 सुल्तानपुर-मुंबई एक्सप्रेस, 12107 सीतापुर एक्सप्रेस, झांसी-कानपुर एवं कानपुर-झांसी मेमू पैसेंजर (64607/64608), 11124 बरौनी-ग्वालियर मेल तथा 12521 राप्तीसागर एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों की सघन जांच की गई।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 41 यात्रियों से 53,450 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं अनियमित टिकट अथवा अन्य नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले 25 यात्रियों से 19,700 रुपये का जुर्माना लिया गया। इसके अलावा स्टेशन परिसर और ट्रेनों में गंदगी फैलाने वाले 13 यात्रियों पर 3,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं ताकि बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाई जा सके, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित हो तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े। अभियान में टिकट निरीक्षक चेतराम वर्मा, प्रदीप कुमार, दीपक गुप्ता, रविंद्र कुमार, अमित गुप्ता, सूरज साहू और नरेंद्र यादव ने सक्रिय रूप से ट्रेनों की जांच कर कार्रवाई की। रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित