जालौन , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत प्रवर्तन दल ने उरई शहर में मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली का उपभोग करते हुए दो उपभोक्ताओं को पकड़ा है। दोनों मामलों में साक्ष्य संकलित कर कोतवाली उरई में विद्युत अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विद्युत प्रवर्तन दल के प्रभारी उप निरीक्षक एम. आसिफ ने गुरुवार को बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उप निरीक्षक एम. आरिफ ने किया। टीम में अवर अभियंता प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक सुनीता वर्मा, मुख्य आरक्षी गोवर्धन, मुख्य आरक्षी रविकांत तथा आरक्षी अनुराग तिवारी शामिल रहे।
जांच के दौरान राजेंद्र नगर निवासी सत्यम चौरसिया के व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर मीटर की केबल में अतिरिक्त केबल जोड़कर लगभग 5.702 किलोवाट विद्युत भार का अवैध उपयोग करते हुए बिजली चोरी पकड़ी गई। इसी प्रकार, सपा कार्यालय के निकट रहने वाले बुजकिशोर निगम के आवास पर मीटर से पहले केबल काटकर अतिरिक्त केबल जोड़कर लगभग 6.391 किलोवाट भार का अवैध विद्युत उपभोग किया जाता पाया गया।
प्रवर्तन दल ने दोनों स्थानों पर आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर चेकिंग रिपोर्ट तैयार की और नियमानुसार विद्युत अधिनियम के तहत कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज कराया। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से मीटर अथवा विद्युत लाइनों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित