पटना , मार्च 06 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की संगठनात्मक चुनाव की निर्धारित प्रक्रिया के बाद उमेश सिंह कुशवाहा को लगातार तीसरी बार पार्टी का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।

प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार 'मुन्ना' एवं श्री परमहंस कुमार ने श्री कुशवाहा को निर्वाचन का प्रमाण-पत्र सौंपा।

इससे पूर्व श्री कुशवाहा ने प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारियों के समक्ष चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। निर्धारित समय-सीमा तक इस पद के लिए उनके अतिरिक्त किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।इसके बाद निर्धारित स्क्रूटनी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

इस अवसर पर प्रस्तावक के रूप में मंत्री श्रीमती लेसी सिंह, पूर्व मंत्री सह विधायक रत्नेश सदा, पूर्व मंत्री और विधायक श्रीमती शीला मंडल तथा डॉ. पूनम सिंह उपस्थित थी।

नवनिर्वाचित जदयू के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि यह उनका परम सौभाग्य है कि पार्टी के सर्वमान्य नेता, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में उन्हें लगातार तीसरी बार बिहार जदयू के अध्यक्ष के रूप में सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष श्री कुमार के कुशल नेतृत्व में वे संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं गतिशील बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे तथा 'न्याय के साथ विकास' के संकल्प को समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटें रहेंगे।

श्री कुशवाहा ने कहा कि वह जदयू को सफलता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित