श्रीनगर , सितंबर 04 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य का दर्जा बहाल करने, कामकाज के नियमों को अंतिम रूप देने और आरक्षण को तर्कसंगत बनाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, बैठक में जम्मू-कश्मीर में जन-कल्याण और विकास से जुड़े मामलों पर ध्यान केंद्रित किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "मुख्यमंत्री ने आज नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और जम्मू-कश्मीर से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में राज्य का दर्जा बहाल करने, कामकाज के नियमों को अंतिम रूप देने, आरक्षण को तर्कसंगत बनाने और जन-कल्याण व विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मामलों पर ध्यान दिया गया।"गौरतल है कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करना श्री अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार की एक प्रमुख मांग रही है और इस मुद्दे को केंद्र के समक्ष बार-बार उठाया गया है। जुलाई में, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री, उनके पिता फारूक अब्दुल्ला और दर्जनों विधायकों और मंत्रियों ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के बारे में भी जानकारी दी, जो अगले सप्ताह श्रीनगर में शुरू होने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कई इलाकों में बाढ़ से हुए नुकसान के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर को समय पर मदद देने के लिए शाह का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित