जम्मू , नवंबर 02 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को जम्मू रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मार्केट का दौरा कर हाल ही में आग लगने की घटनाओं से हुए नुकसान का जायजा लिया।

श्री अब्दुल्ला ने प्रभावित दुकानदारों को हुए नुकसान का आकलन किया और उनकी समस्याओं तथा परेशानियों को समझने के लिए उनसे बातचीत की। उन्होंने आग से हुए नुकसान और व्यापारियों को हो रही कठिनाइयों पर चिंता जतायी।

जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने श्री अब्दुल्ला को आग की घटनाओं से व्यापारियों को हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने दुकानों, सामान और अन्य व्यावसायिक संपत्तियों को हुए नुकसान के साथ प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं से भी अवगत कराया।

श्री अब्दुल्ला ने दुकानदारों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वासन दिया कि आग की घटनाओं से पैदा हुई कठिनाइयों से उबरने में उनकी मदद के लिए सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित