श्रीनगर , जून 18 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को वार्षिक खीर भवानी मेले और आगामी अमरनाथ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से राज्य में शांति और भाईचारे के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने गंदेरगल जिले में खीर भवानी मंदिर के दौरे के दौरान यह अपील की, जहाँ उन्होंने 22 जून को होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मेले की तैयारियों के बारे में मंदिर के पुजारियों से बातचीत की। इस मेले में हर साल मुख्य रूप से कश्मीरी पंडितों समेत देश-विदेश से हजारों तीर्थयात्री शामिल होते हैं।
इस मौके पर श्री अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा कि खीर भवानी मेला एक शुभ अवसर है जब श्रद्धालु देवी का आशीर्वाद लेने के लिए इकट्ठा होते हैं। उन्होंने कहा, "बाइस जून को दुनिया भर से श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करने और आशीर्वाद लेने आएंगे। मैं यहां न केवल मुख्यमंत्री के तौर पर, बल्कि गंदेरबल के विधायक के तौर पर भी आया हूं ताकि तैयारियों का जायजा ले सकूं तथा समझ सकूं कि क्या काम हो चुका है और क्या बाकी है।" उन्होंने मंदिर के पुजारियों के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की और उन्हें भरोसा दिलाया कि 22 जून से पहले बाकी बची जरूरतों को पूरा करने की कोशिश की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित