बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के आमला विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया में बढ़ती छात्र संख्या और नए शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के संचालन को देखते हुए अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 89.29 लाख रुपये का प्रस्ताव क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे को सौंपा गया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कक्षा 11वीं और 12वीं के तीनों संकायों के साथ नए व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके कारण वर्तमान भवन में कक्षों की कमी से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग (भवन) बैतूल द्वारा विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार विद्यालय भवन के प्रथम तल पर चार अतिरिक्त कक्ष, एक बहुउद्देश्यीय हॉल तथा छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। नवीन एसओआर दरों के आधार पर निर्माण कार्य की अनुमानित लागत 89.29 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
विद्यालय की प्राचार्य सरिता धुर्वे एवं शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम खेड़ली बाजार में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे से मुलाकात कर निर्माण प्रस्ताव सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय की आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया।
विधायक डॉ. पंडाग्रे ने विद्यालय की आवश्यकता को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित