उमरिया , मई 20 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिले में आज अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे सड़कों और बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही।
मौसम विभाग के सूत्रों के अनुसार सुबह से ही तीखी गर्मी का असर महसूस होने लगा था और दोपहर 12 बजे तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दोपहर बाद तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है।
भीषण गर्मी और लू के कारण कूलर और पंखे भी राहत देने में नाकाम दिखाई दिए, जबकि वातानुकूलित यंत्रों की ठंडक भी कम महसूस हुई। मुख्य मार्गों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही तथा व्यापारी भी गर्मी से परेशान नजर आए। लोग शीतल पेय और पानी पर अधिक निर्भर रहे।
जिला प्रशासन ने लोगों से लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, सिर ढककर निकलने, पर्याप्त पानी पीने तथा हल्के सूती वस्त्र पहनने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित