मुंबई , अक्टूबर 17 -- महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार इलाके में मां और भाई के साथ रहने वाली एक उभरती अभिनेत्री ने खुदकुशी कर ली।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक शख्स ने उसे अभिनय का काम दिलाने का वादा किया था और बाद में वह उसे लगातार प्रताड़ित तथा ब्लैकमेल कर रहा था। नलिनी के रूप में पहचानी गई महिला विरार पश्चिम के ओलांदा नाका के पास मृत पाई गई। जब अपनी रोजमर्रा की सुबह की सैर के लिए निकली थी।

पुलिस ने कहा कि जांच से पता चला है कि उसकी मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। मौके से बरामद सुसाइड नोट में कहा गया है कि उसने लगातार हो रही प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर यह कदम उठाया है।

नाला सोपारा स्थित अर्नाला तटीय पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश निकम के अनुसार, नलिनी पहले 27 वर्षीय योगेश म्हापणकर उर्फ सौरभ पटकी नाम के व्यक्ति के संपर्क में आई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने उसे वेब सीरीज, टेलीविजन धारावाहिकों और विज्ञापनों में भूमिकाएं दिलाने में मदद करने का झांसा दिया था। बाद में वह उसे भयंदर के एक फ्लैट में ले गया, जहां उसने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। इसके बाद उसने पैसे न देने पर इन्हें वायरल करने की धमकी दी।

सुसाइड नोट में नलिनी ने लिखा है कि उसने आरोपी को लगभग एक करोड़ रुपये दिए थे। यह रकम उसने अपने गहने बेचकर, बैंक की बचत निकालकर और घर का सामान बेचकर जुटाया था।

पुलिस के मुताबिक, पैसे मिलने के बावजूद आरोपी लगातार और पैसों की मांग करता रहा। अर्नाला तटीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रंगदारी वसूलने और खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित