खैरागढ़-छुईखदान-गंडई , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भारी बारिश के कारण उफान पर आई नदी में कार बहने के बाद उसमें सवार रायपुर और भिलाई के पांच युवक-युवतियों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। घटना गंडई क्षेत्र के दनिया पुल की है। सभी लोग मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने जा रहे थे।

पुलिस से आज मिली जानकारी के मुताबिक जिले में 25 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया था। बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दनिया पुल पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

पुलिस ने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार दनिया पुल पहुंची। आरोप है कि चालक ने पुल पर लगाए गए पुलिस स्टॉपर को ठोकर मारकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुल के दूसरे छोर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आवाज देकर कार को आगे नहीं ले जाने की चेतावनी दी, लेकिन चालक ने वाहन को बाढ़ के पानी के बीच आगे बढ़ा दिया।

तेज बहाव की चपेट में आते ही कार सड़क से बहकर नदी के बीच जाकर फंस गई। कार में सवार पांचों लोगों ने मदद के लिए पुकार लगाई। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के साथ ही पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया।

सूचना मिलने पर गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भारी बारिश और रात के अंधेरे के बीच बचाव अभियान चलाया। पुलिस ने सावधानीपूर्वक एक-एक कर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सभी सुरक्षित बताए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार में सवार लोग रायपुर और भिलाई से मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने जा रहे थे। कार कुबेर साहू चला रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित