अलवर , अगस्त 10 -- राजस्थान में कोटपुतली-बहरोड़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में उपसरपंच के पति उपदेश यादव की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बहरोड़ के पुलिस उपाधीक्षक सचिन शर्मा ने सोमवार को बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि दहमी से रिवाली जाने वाले सड़क मार्ग पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक उपदेश यादव अपने दोस्तों के साथ भरतरी-कुशालगढ़ स्थित महादेव मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद सभी लोग बहरोड़ पहुंचे, जहां एक होटल में खाना खाया। इसके बाद चारों लोग गाड़ी से घर के लिए रवाना हुए। घर लौटते समय गाड़ी में चारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जैसे ही गाड़ी दहमी गांव को पार कर आगे बढ़ी, आरोप है कि गाड़ी में सवार अन्य साथियों ने उपदेश के साथ मारपीट करते हुए उसे गाड़ी से धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
सड़क पर गिरने के बाद उपदेश बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे उपदेश का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को चिह्नित किया और आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
श्री शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान सन्तलाल यादव, टीनू यादव एवं सत्यवीर यादव के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित