चेन्नई , अगस्त 15 -- उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन रविवार से तमिलनाडु के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवरुर और तंजावुर जिलों में आयोजित शैक्षणिक, स्मृति और साहित्यिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री राधाकृष्णन कल चेंगलपट्टू जिले के कट्टनकुलथुर में एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के 22वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और इसके बाद चेन्नई के वाणी महल में नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एल. गणेशन की पहली पुण्यतिथि के कार्यक्रम में भाग लेंगे। उप-राष्ट्रपति चेन्नई डीजी वैष्णव कॉलेज ऑडिटोरियम में 'इकोज़ ऑफ़ ए नेशनलिस्ट माइंड' किताब के विमोचन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह किताब हिंदू मुन्नानी के संस्थापक के. रामागोपालन के विचारों और लेखों पर आधारित है।

श्री राधाकृष्णन 17 अगस्त को तिरुवरूर ज़िले में तमिलनाडु केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूटीएन) के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और पास के तंजावुर ज़िले में एसएएसटीआरए डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूबी और सिल्वर जुबली समापन समारोह में भी हिस्सा लेंगे। सीयूटीएन के रजिस्ट्रार प्रो. आर. थिरुमुरुगन ने बताया कि तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन ने भी दीक्षांत समारोह में शामिल होने की सहमति दे दी है ।समारोह के हिस्से के तौर पर, उप-राष्ट्रपति विश्वविद्यालय के शीर्ष रैंक से स्नातक होने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल देंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।

इस साल (2026) में सीयूटीएन से कुल 1,103 छात्र स्नातक होंगे, जिनमें डिप्लोमा, अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और डॉक्टरेट प्रोग्राम के 616 महिला और 487 पुरुष छात्र शामिल हैं। ग्रेजुएट होने वाले कुल छात्रों में से 703 छात्रों (444 महिला और 259 पुरुष) ने दीक्षांत समारोह में व्यक्तिगत रूप से अपनी डिग्री प्राप्त करने का विकल्प चुना है। बेहतरीन शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए शीर्ष रैंक वाले 50 स्नातक छात्र (जिनमें 37 महिला और 13 पुरुष छात्र शामिल हैं) को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इसके साथ ही, अलग-अलग विषयों में अपना डॉक्टरेट प्रोग्राम पूरा करने वाले 45 डॉक्टरेट ग्रेजुएट स्कॉलर्स (जिनमें 25 महिला और 20 पुरुष शामिल हैं) को डिग्रियां भी दी जाएंगी। पुलिस ने श्री राधाकृष्णन के दौरे वाले सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और ड्रोन एवं यूएवी उड़ाने पर रोक लगा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित