गरियाबंद , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने रविवार को गरियाबंद जिले के नगर पंचायत कोपरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री साव ने अधोसंरचना मद से 75 लाख रुपये की लागत के कार्यों का भूमिपूजन, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत 53.72 लाख रुपये की लागत से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संग्रहण केंद्र निर्माण का भूमिपूजन तथा 19.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 1.49 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

इसके साथ ही उन्होंने नगर पंचायत कोपरा के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, मूलभूत विकास एवं विस्तार के लिए एक करोड़ रुपये तथा 21 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना की घोषणा की। इस तरह कुल 22 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात क्षेत्र को मिली।

श्री साव ने अपने संबोधन में कहा कि कोपरा के लिए यह ऐतिहासिक दिन है और नगर पंचायत ने कम समय में व्यवस्थित विकास किया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव हो पाया, जिससे प्रदेश को नई पहचान मिली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि डबल इंजन सरकार के तहत क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और राजिम क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह भंडार निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, नगर पंचायत कोपरा के अध्यक्ष रूपनारायण साहू, नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित