कवर्धा , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सोमवार को कबीरधाम जिले के धरमपुरा और बिरकोना गांवों में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के अंतर्गत 78 लाख 51 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) सड़कों और नालियों का भूमिपूजन किया। दोनों स्थानों पर भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार ग्राम धरमपुरा में मानिकचौरी मुख्य मार्ग से धान खरीदी केंद्र एवं गौठान तक 49 लाख 74 हजार रुपये की लागत से आधा किलोमीटर लंबी सीसी सड़क और नाली का निर्माण किया जाएगा। वहीं, ग्राम बिरकोना में 28 लाख 77 हजार रुपये की लागत से 250 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली बनाई जाएगी। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।
श्री शर्मा ने बताया कि बिरकोना में एक करोड़ दो लाख 96 हजार रुपये तथा धरमपुरा में एक करोड़ 24 लाख सात हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। दोनों गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सैकड़ों आवासों का निर्माण भी किया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की प्रस्तावित व्यवस्था की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 85 स्कूलों में से 50 में स्क्रीन लगाई जा चुकी हैं, जबकि शेष 35 स्कूलों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अतिरिक्त सभी आठ छात्रावासों में भी ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन शिक्षण संस्थान फिजिक्स वाला से बातचीत की गई है। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने ग्रामीण विकास में महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी चर्चा की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम में महिलाओं ने भी भागीदारी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित