रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा ने सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों के लिए "मोहला ब्रांड" का शुभारंभ किया।

श्री शर्मा ने जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत भनसुला में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सरलता के साथ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ आमजनों की समस्याओं का समाधान करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखें। शिविर में भनसुला क्लस्टर की 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया।

इस दौरान महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार रागी लड्डू, महुआ अचार, रागी आटा, मिलेट्स कुकीज, वर्मी कम्पोस्ट खाद और अगरबत्ती जैसे स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। श्री शर्मा ने महिलाओं के आत्मनिर्भरता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों से तैयार उत्पाद जिले की पहचान बन सकते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे।

उन्होंने क्लस्टर स्तर पर जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने तथा महिला समूहों को प्रशिक्षण, बेहतर पैकेजिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुनाऊ राम फुलकावरे, जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपुरे, कलेक्टर तुलिका प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित