प्रयागराज , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को सर्किट हाउस प्रयागराज में पीएम पोषण योजना के तहत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोईयों के सम्मान समारोह और कैश लेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज सर्किट हाउस में रसोइयों को मानदेय बढ़ाए जाने और पांच लाख का मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत चिकित्सा बीमा की सौगात दी।
इस मौके पर उन्होंने 18 लाभार्थियों को स्वास्थ्य कार्ड का डेमो चेक भी सौंपा।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सरकार रसोइयों के हितों को लेकर संवेदनशील है। यही वजह है कि शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के बाद अब रसोईयों को भी मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा है कि इसके अलावा रसोईयों का मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार कर दिया गया है।
गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में तीन लाख 72 हजार रसोईयां प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत हैं। जबकि प्रयागराज जिले में 905 रसोईयां कार्यरत हैं।
गौरतलब है कि 2019 से पहले रसोइयों को एक हजार का मानदेय मिलता था। 2019 में राज्य सरकार ने 500 रुपए मानदेय बढ़ाकर 1500 रुपए किया था। जबकि 2021 में 500 रुपए रुपए बढ़ाकर 2000 रुपए कर दिया गया था। जिसके बाद अब 2026 में यह मानदेय बढ़ाकर 3000 रुपए कर दिया गया है।
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि समाज कल्याण के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य बीमा की योजना में सम्मिलित नहीं किया गया है। जिसकी जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही उन्हें भी इस योजना में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि कुछ महिलाएं उनसे मिली थीं जिन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ और कुछ महिलाओं को विधवा पेंशन नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित