मुरादाबाद , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह पंचायत भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शुक्रवार देर शाम उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पाठक शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे जिला चिकित्सालय पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में उप मुख्यमंत्री के निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
उल्लेखनीय है कि ब्रजेश पाठक हाल के दिनों में कई जिलों के अस्पतालों का निरीक्षण कर चुके हैं। फतेहपुर जिला अस्पताल में गंदगी मिलने पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को फटकार लगाई थी। वहीं, प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में उन्होंने मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी थी। वह अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की सूची सूचना पट पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दे चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित