वाराणसी , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार के लिए आने वाले किसी भी मरीज को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रखा जाए और अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जायें।

बैठक में वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला एवं मंडलीय चिकित्सालयों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य तथा वाराणसी मंडल के अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. दिग्विजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों की चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित की जाए और बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) का संचालन सुचारु रूप से हो। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध विशेषज्ञता और संसाधनों के अनुरूप शल्य चिकित्सा की व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चिकित्सालयों में आवश्यक दवाओं, स्ट्रेचर, पेयजल, पर्याप्त बेड और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पतालों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, पांडेयपुर तथा मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कमल कुमार से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और सहायक नर्सिंग मिडवाइफ (एएनएम) के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाई जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में संचालित चिकित्सा सेवाओं, स्वास्थ्य कार्यक्रमों और विभागीय प्रगति की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित