लखनऊ , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक नया विवाद सामने आया है, जहां आशुतोष ब्रह्मचारी ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। बुधवार को वे हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और गंभीर आरोप लगाए।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि ब्रजेश पाठक "सनातन को बेचने का काम कर रहे हैं"। उन्होंने कहा कि पहले ब्राह्मणों के हितों के साथ समझौता किया गया और अब संतों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि माघ मेला के दौरान एक साजिश रची गई, जिसमें शंकराचार्य को धरने के लिए उकसाया गया। उनके अनुसार एक फोन कॉल के जरिए निर्देश दिए गए कि "जब तक एक विशेष व्यक्ति न पहुंचे, तब तक धरना जारी रखा जाए।" इसे उन्होंने सनातन पर आघात बताते हुए गंभीर अपराध करार दिया और जांच की मांग की।
ब्रह्मचारी का कहना है कि पुलिस ने पहले उनकी शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर केस दर्ज होगा। उन्होंने दावा किया कि उनके पास पर्याप्त सबूत हैं और कॉल डिटेल से सच्चाई सामने आ सकती है।
इससे पहले भी ब्रह्मचारी सोशल मीडिया पर ब्रजेश पाठक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं। उन्होंने एक पोस्ट में तस्वीर साझा कर आरोप लगाया था कि पाठक शंकराचार्य का समर्थन करते हुए ब्राह्मण समाज के खिलाफ काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि दो महीने पहले भी उन्होंने बिना नाम लिए डिप्टी सीएम पर माघ मेले में साजिश रचने का आरोप लगाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित