जगदलपुर , जून 06 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री अरुण साव ने अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रवास के दौरान उन्होंने पावर हाउस चौक स्थित फिल्टर प्लांट और महारानी वार्ड में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नयामुंडा फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री ने पीजी कॉलेज धरमपुरा में लगभग 11 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित