चमोली , जुलाई 08 -- उत्तराखंड में ग्राम पंचायत के उप प्रधान पद के निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के बाद चमोली जनपद में 608 उप प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गौरव कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना के क्रम में गुरुवारको जनपद की ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन की समय-सारणी जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की समस्त कार्यवाही संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न कराई जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को प्रातः 10:00 से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके उपरांत 11:00 से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जबकि दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद अपराह्न 12:30 बजे से 1:00 बजे तक निर्वाचन चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

इसी दिन अपराह्न 1:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा अपराह्न 4:00 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना एवं परिणाम घोषित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित