नयी दिल्ली , सितंबर 21 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय, 24 अकबर रोड पर 'यूपी विजय संकल्प सम्मेलन' का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम अपराह्न एक बजे शुरू होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

कांग्रेस की ओर से इस सम्मेलन के जरिए उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में प्रदेश से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक और चुनावी मुद्दों पर भी नेताओं के विचार सामने आने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान उत्तर प्रदेश से जुड़े कुछ नेता कांग्रेस का दामन भी थाम सकते हैं। ऐसे में कार्यक्रम को पार्टी के लिए संगठन विस्तार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर भी कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी तेज है। ऐसे में सभी की नजरें इस सम्मेलन पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व और प्रदेश के नेता आगामी विधानसभा चुनाव और गठबंधन को लेकर क्या रुख सामने रखते हैं। सम्मेलन में चुनावी रणनीति और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर भी महत्वपूर्ण संकेत मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित