लखनऊ , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा दे रही है। होम-स्टे मॉडल तेजी से उभर रहा है, जो पर्यटकों को किफायती और घरेलू अनुभव देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बना रहा है।

गुरुवार को प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को मजबूत करने के उद्देश्य से मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम) में होम-स्टे संचालकों के लिए पांच दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 16 से 20 मार्च तक चल रहे इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 31 प्रतिभागियों को आधुनिक आतिथ्य प्रबंधन और व्यवसाय संचालन के व्यावहारिक गुर सिखाए जा रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को होम-स्टे संचालन की मूल अवधारणा, कम लागत में बेहतर सुविधाएं विकसित करने, टैरिफ निर्धारण, बजट प्रबंधन और सेवा गुणवत्ता सुधार के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही इंटीरियर साज-सज्जा, रखरखाव और समस्याओं के समाधान के व्यावहारिक पहलुओं पर भी विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया, डिजिटल पेमेंट, ऑनलाइन बुकिंग और ग्राहक सेवा से जुड़े कौशल भी सिखाए गए। इसके अतिरिक्त साफ-सफाई, रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म और बेहतर अतिथि अनुभव सुनिश्चित करने के तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में लखनऊ, वाराणसी, बरेली, सिद्धार्थनगर, अम्बेडकर नगर, शाहजहांपुर, कासगंज और उन्नाव सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनके व्यवसाय को नई दिशा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित