नोएडा , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित गौर सिटी दो की प्रिसटीन एवेन्यू सोसायटी में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सोसायटी में रहने वाले एक युवक की 19वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई।

युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद सोसायटी में शोक का माहौल है।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आज,बिसरख थाना पर पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि गौर सिटी दो स्थित प्रिसटीन एवेन्यू सोसायटी में एक युवक 19वीं मंजिल से कूद गया है। युवक की पहचान आदित्य (18) अरोड़ा पुत्र अजय अरोड़ा, निवासी प्रिसटीन एवेन्यू सोसायटी, गौर सिटी-दो के रूप में हुई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की। शुरुआती जानकारी में युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि आदित्य ने किसी बात से नाराज होकर यह कदम उठाया। हालांकि, वह किस बात से नाराज था और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल, घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस की ओर से मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिहायशी सोसायटी में हुई इस घटना ने एक बार फिर युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और उनकी परेशानियों को समय रहते समझने की जरूरत पर ध्यान खींचा है। हालांकि, आदित्य के मामले में किसी विशेष मानसिक परेशानी या अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में घटना को लेकर अटकलों से बचना जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित