रामपुर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में निजी स्वामित्व वाले वाहनों से जल्द ही 'G/G' सीरीज हटाई जाएगी। परिवहन आयुक्त ने प्रदेश के सभी 75 जिलों को निर्देश जारी कर ऐसे निजी वाहनों को नया पंजीयन चिन्ह आवंटित करने तथा पूर्व में जारी 'G/.G' प्रत्यय वाली सीरीज को निरस्त करने को कहा है। उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली, 1998 के नियम-51 (क) के उप-नियम (1) के अनुसार 'G/G' सीरीज केवल राजकीय वाहनों के लिए आरक्षित है। इसी प्रावधान के तहत अब उन निजी वाहनों के नंबर बदले जाएंगे, जिन पर यह सीरीज अंकित है।

उपसम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रामपुर जनपद के ऐसे सभी वाहन स्वामी, जिनके वाहनों पर UP-G/AG/BG आदि राजकीय श्रेणी की सीरीज दर्ज है, वे परिवहन कार्यालय में उपस्थित होकर फार्म-27 पर आवेदन करें और नया पंजीयन चिन्ह प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि नीलामी अथवा हस्तांतरण के बाद निजी स्वामित्व में दर्ज ऐसे वाहन स्वामी 60 दिनों के भीतर नया पंजीयन नंबर अवश्य प्राप्त कर लें। यह व्यवस्था प्रदेश के सभी जनपदों में लागू होगी, जिससे 'G/.G' सीरीज वाले निजी वाहनों का पंजीयन निरस्त कर उन्हें नई निजी सीरीज में परिवर्तित किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित