लखनऊ , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और निचले क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ली है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के साथ परस्पर क्रिया के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ी हुई है, जिसके चलते कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं, ओलावृष्टि और भारी वर्षा का दौर जारी है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, यह मौसमी गतिविधियां पांच मई तक जारी रहने की संभावना है, जिसके बाद धीरे-धीरे कमी आएगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जबकि इसके बाद पुनः बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। संभल के गुन्नौर में 130 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि कासगंज, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई। लखनऊ में भी 21.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसी अवधि में तेज आंधी और झोंकेदार हवाओं ने भी असर दिखाया। बहराइच में अधिकतम 87 किमी प्रति घंटा, बलरामपुर में 85 किमी प्रति घंटा तथा बरेली, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और मऊ सहित कई जिलों में 70 से 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 मई को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और 50 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 6 मई के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने के संकेत हैं, हालांकि कहीं-कहीं हल्की बारिश जारी रह सकती है।
विशेष रूप से पूर्वांचल और मध्य उत्तर प्रदेश के जिलों प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, मऊ, गाजीपुर, गोरखपुर, लखनऊ, सीतापुर, बहराइच और फर्रुखाबाद में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज आंधी का अधिक प्रभाव रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने, बिजली उपकरणों को सुरक्षित रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई गई है, विशेषकर गन्ना, मक्का, दलहन एवं सब्जी फसलों पर असर पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित