प्रयागराज , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के कटरा स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण केंद्र (एनएसटीआई) के छात्रावास में गुरुवार को एक छात्रा फंदे पर लटकी मिली। छात्रा की पहचान बिहार के सहरसा की रहने वाली रूपाली (19) के रूप में हुई है। वह द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक करीब 10 बजे छात्रावास की अन्य छात्राएं क्लास के लिए जाने लगीं। इस दौरान रूपाली कमरे से बाहर नहीं निकली। साथ रहने वाली छात्राओं ने उसके कमरे का दरवाजा कई बार खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद छात्रावास की वार्डन को इसकी जानकारी दी गई।
वार्डन के साथ कॉलेज के शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो किसी तरह कमरे के अंदर झांककर देखा गया। वहां रूपाली पंखे से दुपट्टे के सहारे बनाए गए फंदे पर लटकी दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस को कमरे से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कॉलेज स्टाफ और छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की गई। उन्होंने रूपाली के किसी परेशानी में होने या किसी बात को लेकर तनाव में होने की जानकारी से इनकार किया। बताया गया कि कल तक उसका व्यवहार सामान्य था। उसे किसी तरह की परेशानी भी किसी से साझा नहीं की थी। घटना के बाद पुलिस ने कमरे की जांच की है। छात्रा के घरवालों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस फिलहाल उनके प्रयागराज पहुंचने का इंतजार कर रही है। कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने देर रात बताया कि छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे सहरसा से प्रयागराज के लिए रवाना हो चुके हैं। शुक्रवार को उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित