लखनऊ , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम और तेज हवाओं के चलते गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में शुष्क मौसम के साथ 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी का असर और तेज महसूस होगा। प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 39.8degC दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी स्थित बीएचयू में पारा 39.3degC तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में औसतन 7 से 9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। विभाग के मुताबिक़ शुष्क मौसम के साथ चल रही पश्चिमी हवाएं दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिनकी गति झोंकों में 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच रही है। हालांकि, 14 अप्रैल से इन तेज हवाओं के कमजोर पड़ने के आसार हैं। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के न होने के कारण मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके चलते तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में पारा 40degC के पार जाने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित