महोबा , नवम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कबरई क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को एक वाहन से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की।

पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि एक खुफिया सूचना पर पुलिस ने कबरई थाना क्षेत्र के धरौन रोड पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री से लदा एक पिकअप लोडर वाहन को पकड़ा. जिसकी तलाशी के दौरान वाहन से करीब 1250 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, ईडी और सेल बरामद किये गए।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि इस सामग्री का इस्तेमाल पहाड़ों की खदानों में खनन कार्य के लिए किया जाता है। लेकिन वाहन में मौके पर विस्फोटक क़ी वैधता के संबंध में किसी तरह का कोई दस्तावेज न पाए जाने पर मामला संवेदनशील हो गया।

श्री गौड़ ने बताया कि अवैध विस्फोटक सामग्री को सीमावर्ती मध्य प्रदेश से परिवहन करके लाये जाने क़ी जानकारी सामने आई है। प्रकरण क़ी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय एवं अन्य उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन में लदी विस्फोटक सामग्री से संबंधित लाइसेंस, परिवहन अनुमति और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की गई है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इसके परिवहन में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने फिलहाल वाहन और विस्फोटक सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस जांच के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई किये जाने क़ी बात कह रही है। इस मामले के खुलासे के बाद यहां खनन क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति और परिवहन व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित