पिथौरागढ़ , मार्च 29 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने ''ऑपरेशन क्रैकडाउन'' के तहत फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नकली आधार कार्ड और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 23 फरवरी को पिथौरागढ़ पुलिस की ओर से क्षेत्र में ''पहचान एप'' के माध्यम से सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उपनिरीक्षक कमलेश जोशी और उनकी टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति कमलेश कुमार निवासी नौसर गुमटियां, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) की जांच की। जांच में उसके पास से फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ।
आरोपी से पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आने पर कोतवाली पिथौरागढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 337/340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
साथ ही इस प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक ललित डंगवाल को सौंपी गई।
जांच में आये तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बहराइच जिले के थाना मोतीपुर क्षेत्र के दौलतपुर में एक दुकान पर छापामार कर मनीष कुमार गुप्ता और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से कई फर्जी आधार कार्ड और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए। आगे की जांच जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित