नोएडा , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन लूट और स्नैचिंग करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट और स्नैचिंग के 24 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 8 हजार रुपये नकद, एक अवैध चाकू, एक खिलौना पिस्टल (माउजर लोहा) और वारदात में इस्तेमाल की गई दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
सेंट्रल नोएडा पुलिस उपायुक्त श्री शैलेन्द्र कुमार ने आज संवादाताओं को जानकारी देते हुए बताया कि, बुधवार को एक व्यक्ति ने सेक्टर-63 थाना में तहरीर देकर शिकायत की थी कि अज्ञात आरोपियों ने उसका बैग छीन लिया। बैग में लैपटॉप, चार्जर, मोबाइल फोन और पर्स था। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे हुए थे। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उसके बैंक खाते से 11,600 रुपये निकाल लिए गए हैं।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-63 थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने सूचना और स्थानीय खुफिया तंत्र लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने एफएनजी गोल चक्कर से बहलोलपुर अंडरपास की ओर जाने वाली सर्विस रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गर्वित गोयल, अमन, रोहित कुमार और हर्ष कुमार के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित