नोएडा , सितंबर 08 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल फोन छीनने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी और झपटे गये 14 मोबाइल फोन, दो चोरी की मोटरसाइकिल, मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला स्क्रू और पांच हजार नकद और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस ने आज संवादाताओं को बताया कि तीनों अभियुक्तों को सेक्टर-28 सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु कुमार (20), मन्नू कुमार (19) और नावेद खान (32) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी मिलकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चोरी और मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। आशु कुमार और मन्नू कुमार चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनते थे। इसके बाद छीने गए मोबाइल फोन नावेद खान को सौंप दिए जाते थे।
नावेद खान की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान थी, जहां वह मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स को बेचकर पैसे कमाता था। वहीं मन्नू कुमार मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता है।चोरी की मोटरसाइकिल और छीने गए मोबाइल फोन बेचने से मिलने वाली रकम को तीनों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला एक स्क्रू भी बरामद किया है। इसके अलावा आशु कुमार और मन्नू कुमार के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस द्वारा की गई जांच में जानकारी मिली कि आरोपी आशु कुमार के खिलाफ सेक्टर-20 थाना सेक्टर-24 थाना दिल्ली के कालिन्दी कुंज थाना और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे भी शामिल हैं।
मन्नू कुमार के खिलाफ सेक्टर-20 थाना सेक्टर-24 थाना और दिल्ली के कालिन्दी कुंज थाना में कुल चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं नावेद खान के खिलाफ सेक्टर-20 थाना, सेक्टर-24 थाना और दिल्ली के कालिन्दी कुंज थाना के मामलों समेत बुलंदशहर के खानपुर थाना में वर्ष 2017 का एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी आशु कुमार और मन्नू कुमार मूल रूप से ग्राम कनौना, थाना खानपुर, बुलंदशहर के रहने वाले हैं। वर्तमान में दोनों गौतमबुद्धनगर में अलग-अलग स्थानों पर रह रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस अन्य घटनाओं से भी कनेक्शन की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित