नोएडा , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में एक मॉल के पास स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को थाना सेक्टर 24 क्षेत्रांतर्गत मॉल के समीप नाले में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक/फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

पुलिस द्वारा मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ-साथ मृतक की पहचान से संबंधित अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित