नोएडा , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 स्थित डी-224 में शुक्रवार सुबह एक प्लास्टिक कंपनी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कंपनी परिसर में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू कर दिया।

आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि जिस कंपनी में आग लगी है, वहां प्लास्टिक से संबंधित काम होता है। परिसर में प्लास्टिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए।

दमकल कर्मियों द्वारा आग को नियंत्रित करने के साथ ही उसे पूरी तरह बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित