नोएडा , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-63 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एफ-463 स्थित एक गारमेंट कंपनी में शुक्रवार को चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार द्वारा घटनास्थल से जानकारी दी गई कि आज सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में स्थित एफ-463 की एक गारमेंट कंपनी की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन की गाड़ियों तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। आग की स्थिति को देखते हुए दमकल की आठ गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का कार्य किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग लगने की घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग को नियंत्रित किया। समय रहते आग पर काबू पाए जाने से स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित