रायबरेली , नवम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने रविवार को रिफॉर्म क्लब मैदान में आयोजित तीन दिवसीय सरस मेला-2026 का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही 30 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
श्री पाण्डेय ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में आयोजित मेले का उद्घाटन फीता काटकर किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की। कृषि विभाग की ओर से फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूकता के लिए तैयार प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन के माध्यम से किसानों को पराली न जलाने और उसका उपयोग खाद बनाने में करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में महिलाओं को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं छोटे-छोटे कामों को उद्यम का रूप देकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और देश, प्रदेश तथा जिले का नाम रोशन कर रही हैं।
मंत्री ने ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विकास खंडों की 30 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें ऊंचाहार की नौ, जगतपुर की तीन, रोहनिया की तीन, दीनशाह गौरा की दो और डलमऊ की 13 कार्यकर्ता शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। पंचायती राज विभाग के अंतर्गत आकाश को उनके पिता स्वर्गीय राजकुमार के स्थान पर अनुकंपा नियुक्ति का पत्र भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शुक्ला, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और आमजन मौजूद रहे। मंच संचालन एसएस पाण्डेय ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित