मुरादाबाद/अमरोहा , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुक्रवार को मुरादाबाद और अमरोहा समेत विभिन्न जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। मुरादाबाद जिले में 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर दोनों पालियों में कुल 46,704 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 23,352 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 52 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 52 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी, बायोमीट्रिक सत्यापन और सघन फ्रिस्किंग की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल की मौजूदगी में वैध पहचान पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा हॉल में मोबाइल, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और घड़ी ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अमरोहा जिले में भी पीईटी के मद्देनजर माध्यमिक विद्यालयों में शुक्रवार को शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है, जिसके निर्देश डीआईओएस शतानंद सिंह द्वारा सभी राजकीय, अशासहायक सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद और कटघर बस स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, जिनके संपर्क नंबर क्रमशः 8726005894 और 8726225805 जारी किए गए हैं। इसके अलावा, परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए मुरादाबाद और लखनऊ के बीच तीन जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम से निपटने के लिए मुरादाबाद में 85 प्रमुख पॉइंटों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है, साथ ही चार जोन और 14 इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। अमरोहा में भी जाम से बचाने के लिए भारी वाहनों की नो एंट्री और रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, तथा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर पहले ही अभ्यर्थियों के वाहनों को रोकने की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित