जालंधर , अप्रैल 22 -- ) पंजाब में जालंधर जिला उपायुक्त वरजीत वालिया को वर्ष 1984 में ओलंपियन सुरजीत सिंह रंधावा (पूर्व कप्तान, भारतीय हॉकी टीम) की स्मृति में स्थापित सुरजीत हॉकी सोसायटी का 22वां अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

यह निर्णय सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री लेख राज नैयर, भारतीय राजस्व सेवा (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान सोसायटी के संविधान के अनुसार लिया गया। इस अवसर पर पूर्व उपायुक्त जालंधर श्री हिमांशु अग्रवाल द्वारा सोसायटी के प्रति दी गई सेवाओं की सराहना भी की गई।

सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इकबाल सिंह संधू, प्रांतीय सिविल सेवा (सेवानिवृत्त) ने मंगलवार को बताया कि बैठक के उपरांत कोर कमेटी ने नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उपायुक्त वालिया से भेंट की। इस दौरान उन्हें सोसायटी की गतिविधियों, सुरजीत हॉकी अकादमी के कार्यों तथा 43वें इंडियन ऑयल सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट-2026 की तैयारियों के बारे में अवगत कराया गया।

श्री वालिया ने सोसायटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि हॉकी के विकास के लिए सुरजीत हाकी सोसाइटी को जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सोसायटी के अनुभव का लाभ पंजाब सरकार द्वारा आगामी अक्टूबर में आयोजित की जाने वाली एशियन हॉकी चैंपियनशिप में भी लिया जाएगा।

बैठक के दौरान सोसायटी के संस्थापक सदस्य एवं चीफ पी.आर.ओ. गुरविंदर सिंह 'गुल्लू' बठला को उनकी असामयिक मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित