सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला) , जून 25 -- स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पंजाब में कपूरथला के उपायुक्त आकाश बंसल ने गुरुवार को सुल्तानपुर लोधी उपमंडल में विभिन्न परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किये बिना पूरे किये जायें।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ सज्जन सिंह चीमा, एसडीएम जसजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता विशाल जांगड़ाल तथा सीवरेज बोर्ड, पेडा, शिक्षा विभाग, नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य अगले तीन महीनों में पूरा होने की संभावना है।

इसके बाद उन्होंने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़कियां) का दौरा कर दो नये कक्षों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। अधिकारियों ने बताया कि स्कूल भवन का अधिकांश निर्माण पूरा हो चुका है और वहां कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं।

उपायुक्त ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर उसके संचालन और रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने सीवरेज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसटीपी को इस माह के अंत तक पूरी तरह चालू किया जाये। साथ ही प्लांट में स्थापित किये जा रहे सोलर पावर प्रोजेक्ट की प्रगति का भी जायजा लिया और पेडा अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी। उन्होंने जब्बोवाल रूरल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का दौरा कर लंबित विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। नगर परिषद द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थानों की पहचान भी कर ली गयी है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद अधिकारियों को शहर में सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश भी दिये, ताकि शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

श्री बंसल ने कहा कि जिला प्रशासन सुल्तानपुर लोधी के समग्र विकास और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता मानकों को बनाये रखते हुए कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूसी) जल्द से जल्द प्रस्तुत किये जायें, ताकि आगे की विकास योजनाओं को गति मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित