भोपाल , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि उपलब्धियों का उत्सव जीवन में नई और बड़ी जिम्मेदारियों की शुरुआत भी होता है। युवाओं को अपने ज्ञान और क्षमता का उपयोग गरीब, वंचित और जरूरतमंदों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए।

राज्यपाल श्री पटेल मंगलवार को भोपाल स्थित टेक्नोक्रेट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वार्षिक प्लेसमेंट डे समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्लेसमेंट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कंपनियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों, उनके गुरुजनों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को विकसित भारत का कर्णधार मानते हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्टार्टअप, कौशल विकास और डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों से युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना के साथ समाज के कमजोर वर्गों की मदद को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और अपने ज्ञान को सार्थक बनाएं।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री और विधायक अजय विश्नोई ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपनी कमियों को पहचानकर सफलता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर एस.के. जैन, संस्थान की अध्यक्ष साधना करसोलिया और अन्य अतिथि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित