रायपुर , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का प्रवास प्रस्तावित है। वह एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है। वहीं रायपुर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात एवं प्रोटोकॉल से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह 10.45 बजे एम्स रायपुर पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे से आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह संपन्न होने के बाद वह दोपहर 12.30 बजे एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1.30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

उपराष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। निर्धारित रूट पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को परखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से रिहर्सल तथा मॉकड्रिल की जा रही है। व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित