भुवनेश्वर , नवंबर 09 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 16 नवंबर को ओडिशा के विधायकों के लिए आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधायकों की विधायी क्षमताओं और संस्थागत समझ को मजबूत करना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकें।यह ओरिएंटेशन कार्यक्रम ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी की अध्यक्षता में आयोजित होगा और इसमें तीन सत्र होंगे। उद्घाटन सत्र में राज्यपाल ब्रजमोहन राम और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के शामिल होने की संभावना है।

संसदीय कार्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विधायकों के ज्ञान, कौशल और क्षमताओं को बढ़ाकर विधायी प्रणाली को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विधायकों को विधायी कामकाज के विभिन्न पहलुओं पर जरूरी प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसमें सरकारी विभागों की प्रभावी निगरानी, सरकारी योजनाओं और निर्णयों का क्रियान्वयन तथा कार्यकारी विभागों के कामकाज और प्रक्रियाओं से जुड़े विषय शामिल होंगे।

ओडिशा विधानसभा के आगामी बजट सत्र की तैयारियों पर विशेष जोर दिया जायेगा। विधायकों को बजट चर्चा, विभागों को धन आवंटन, खर्च के तरीके, अनुदान अनुपात और बजट अनुमानों जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी दी जायेगी। उन्हें इसके साथ ही विभिन्न कार्यकारी विभागों के कामकाज की समीक्षा करने के संबंध में भी मार्गदर्शन मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित