जम्मू , मार्च 26 -- जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रशासित प्रदेश के लिए पांच हजार करोड़ रूपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता जारी करने पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
श्री सिन्हा ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा , "मैं जम्मू कश्मीर को अतिरिक्त केंद्रीय सहायता के रूप में 5,000 करोड़ रूपये जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। अतिरिक्त फंड से केंद्रशासित प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। यह महत्वपूर्ण सहायता बजटीय बाधाओं को कम करने के साथ ही परियोजनाओं की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करेगी और बुनियादी ढांचे को मजबूत तथा स्थायी समृद्धि के लिए दीर्घकालिक अवसर से जम्मू कश्मीर के सशक्त आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी।"श्री अब्दुल्ला ने भी केंद्र सरकार का जम्मू कश्मीर को 5,000 करोड़ रूपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता प्रदान करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के विकास के प्रति उनके निरंतर समर्थन और प्रतिबद्धता के लिए श्री मोदी, श्री शाह और सुश्री सीतारमण का हार्दिक धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह समय पर और महत्वपूर्ण सहायता, चल रही विकास पहलों को काफी हद तक मजबूत करेगी तथा प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में तेजी लाएगी और पूरे जम्मू कश्मीर में जन कल्याण को बढ़ावा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं इस उदार समर्थन के लिए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। यह अतिरिक्त केंद्रीय सहायता वित्तीय अंतर को पाटने और यह सुनिश्चित करने में बहुत सहायक होगी कि हमारी विकास प्रतिबद्धताएं और कल्याणकारी कार्यक्रम हमारे लोगों के लाभ के लिए प्रभावी ढंग से लागू किए जाएं।"गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने इससे पहले संसाधनों की कमी को पूरा करने और मौजूदा राजकोषीय घाटे से निपटने के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त वित्तीय सहायता मांगी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित