श्रीनगर, एक अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमलों में शहीद हुए दो पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों को शनिवार को सरकारी नौकरी के अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे।

उपराज्यपाल ने यहां लोक भवन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी के पुत्र अबसार आशिक कुरैशी को नियुक्ति पत्र दिया।

एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि इस दौरान शहीद हेड कांस्टेबल के परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। उपराज्यपाल ने 22 जुलाई को अनंतनाग में हुए आतंकी हमले में कर्तव्य निर्वहन में अपने प्राण न्योछावर करने वाले आशिक हुसैन कुरैशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

इससे पहले पिछले सप्ताह उपराज्यपाल ने बड़गाम के बीरवाह स्थित लालपोरा में शहीद हेड कांस्टेबल के परिजनों से मुलाकात भी की थी। इसके अलावा, उपराज्यपाल सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के दिवंगत निरीक्षक मसरूर अली वानी की पत्नी इंशा नजीर को भी अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित