पटना , फरवरी 13 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने शुक्रवार को कहा कि कृषि विभाग के माप-तौल संभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में उपभोक्ता संरक्षण एवं पारदर्शी व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।
श्री यादव ने कहा कि विभाग की सक्रियता के परिणामस्वरूप राज्य में माप-तौल प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है।उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह जनवरी, 2026 तक कुल 441 शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों के माध्यम से व्यापक स्तर पर माप-तौल उपकरणों का सत्यापन किया गया है, जिससे बाजार में पारदर्शिता एवं अनुशासन स्थापित हुआ है।
कृषि मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी माह तक कुल 31.31 करोड़ रुपये का राजस्व संकलन किया गया है। साथ ही 99,793 प्रतिष्ठानों का सत्यापन एवं 41,999 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। यह दर्शाता है कि विभाग द्वारा प्रवर्तन एवं निगरानी की कार्रवाई सतत रूप से की जा रही है।
श्री यादव ने कहा कि माह जनवरी, 2026 के दौरान राज्य के 50 विभिन्न स्थानों पर विशेष माप-तौल सत्यापन शिविरों का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रतिष्ठानों में प्रयुक्त उपकरणों की जाँच की गई, जिसके फलस्वरूप 16.46 लाख रुपये का राजस्व संकलित हुआ। उन्होंने कहा कि यह अभियान व्यापारिक प्रतिष्ठानों में मानक एवं प्रमाणित माप-तौल उपकरणों के उपयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी समय में भी शिविरों एवं निरीक्षण अभियान को और सघन किया जाए, जिससे उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, व्यापार में पारदर्शिता तथा राज्य के राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित