हरिद्वार , मार्च 31 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा कंट्रोल रूम सभागार में मंगलवार को गैस एजेंसियों एवं संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा एलपीजी गैस की बुकिंग की गई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर होम डिलीवरी के माध्यम से समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा दर्ज की गई शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारें न लगें। इसके लिए अधिकतम होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को ऑनलाइन माध्यम से केवाईसी कराने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस डिलीवरी का संदेश प्राप्त होने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलता है, तो संबंधित एजेंसी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी गैस एजेंसियों में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से लाइन में न लगना पड़े।
जिलाधिकारी ने उपलब्ध स्टॉक के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्टेकहोल्डर्स एवं व्यापारियों के साथ समन्वय बैठक करने को कहा गया।
इसके अलावा, जिन क्षेत्रों में पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाई जा रही है, वहां के नागरिकों, व्यापारियों, होटल एवं ढाबा संचालकों से पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील की गई। बताया गया कि घरेलू पीएनजी कनेक्शन लगभग 7354 रुपये शुल्क पर उपलब्ध है, जबकि व्यावसायिक कनेक्शन हेतु संबंधित नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ता एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01334-223999, 239444 तथा मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित