अल्मोड़ा , सितंबर 25 -- उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एवं चुनाव आयोग से जुड़े हालिया गंभीर आरोपों पर चिंता जताते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाए जाने तथा पूरे प्रकरण की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की है।

पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं संयोजक पी.सी. तिवारी ने कहा कि चुनाव जैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सामने आ रही जानकारियां जांच में सही पाई जाती हैं तो यह देश के लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं के लिए बेहद गंभीर स्थिति होगी।

श्री तिवारी ने कहा कि सरकारों की नीतियों से असहमति के बावजूद देश का सामान्य नागरिक अपेक्षा करता है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं निष्पक्ष एवं संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करें और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न जनता के विश्वास को गंभीर रूप से प्रभावित करता है।

पार्टी ने कहा कि इस मामले में नागरिक समाज, राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठानी चाहिए तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए होने वाले ऐसे शांतिपूर्ण प्रयासों में पार्टी पूरी ताकत के साथ सहयोग करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित