नैनीताल , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय में उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) कर्मियों की ओर से दायर अवमानना याचिकाओं पर मंगलवार को सुनवाई होगी।
न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने राज्य सरकार से उपनल कर्मियों के नियमितीकरण के मामले में उठाए गए कदमों के संदर्भ में जवाब मांगा है।
उपनल संविदा कर्मचारी संघ की ओर से इस मामले में चार अलग-अलग अवमानना याचिकाएं दायर की गई है। संघ की ओर से सोमवार को इस मामले को अदालत के समक्ष उठाते (मेंशन) हुए प्राथमिकता से सुनवाई की मांग की गयी।
यह भी कहा गया उच्च न्यायालय की खंडपीठ की ओर से उपनल कर्मियों के नियमितीकरण को लेकर आदेश जारी किया गया है लेकिन राज्य सरकार द्वारा अभी तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
यह भी कहा गया कि शीर्ष अदालत से भी प्रदेश सरकार को झटका लग चुका है। अदालत इस मामले में कल सुनवाई करेगी। अदालत ने राज्य सरकार से नियमितीकरण को लेकर उठाए गए कदमों के संदर्भ में जवाब मांगा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित