भरतपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में गंगापुरसिटी जेल से भरतपुर के बयाना उपकारागृह में भेजे जाने से खफा 14 कैदियों द्वारा पिछले चार दिनों से किये जा रहे अनशन के बीच मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बयाना जेल में सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाते हुए ये बंदी भरतपुर की सेवर सेंट्रल जेल या किसी अन्य सुविधाजनक कारागार में भेजे जाने की मांग कर रहे हैं। इस बीच जेल के बाहर कैदियों के परिजनों ने भी डेरा डाल दिया है और वे बंदियों से मिलने की मांग कर रहे हैं। जिससे परिसर में भारी गहमागहमी बनी हुई है।
जेल सूत्रों के अनुसार भीषण गर्मी के बीच अन्न-जल त्यागने के कारण नाै बंदियों का रक्त शर्करा स्तर कम हो गया था और उन्हें चक्कर आने लगे । इसके चलते उन्हें भरतपुर के जिला आरबीएम अस्पताल के जेल वार्ड में भेज दिया गया है, जबकि पांच बंदियों का इलाज जेल के भीतर ही मेडिकल दल की निगरानी में किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल में बंदियों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में अनशन करने वाले 30 कैदियों में से 16 ने भोजन शुरू कर दिया था, लेकिन 14 बंदी अब भी अनशन पर डटे हुए हैं। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित