पिथौरागढ़ , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 19 लाख रुपये की साइबर ठगी के मुख्य आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी प्रवीण सोनबाजी चौरे, हाल निवासी जाजरदेवल की ओर से थाना जाजरदेवल में 19 ऑनलाइन ठगी के संदर्भ में शिकायत दर्ज कराई गई।
आरोप लगाया गया कि ठगों ने टेलीग्राम के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे अलग-अलग तिथियों में 18,96,866 की ठगी की। मामले में धारा 318 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना जाजरदेवल पुलिस और साइबर सेल टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। थानाध्यक्ष मनोज पांडे और साइबर सेल प्रभारी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच में आरोपी की लोकेशन तेलंगाना के हैदराबाद की मिली।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी कोथरोजू गणेश निवासी करीमनगर (तेलंगाना) को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर देश के विभिन्न राज्यों में धोखाधड़ी के सात मामले दर्ज हैं।
इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी हर्षथली (धर्मापुरी) और अजिदा (जगतायल, तेलंगाना) को न्यायालय से नोटिस जारी कर तामील कराया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष रावत, कांस्टेबल विजेंद्र यादव, ललित कांडपाल तथा सर्विलांस टीम के अपर उपनिरीक्षक हेम चंद्र सिंह और सिपाही कमल तुलेरा शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित